देहरादून। राजकीय प्रारंभिक शिक्षक ऋण एवं बचत सहकारी समिति की 73वीं वार्षिक सामान्य निकाय की बैठक समिति सभागार में हुई। बैठक में वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। समिति ने वित्तीय वर्ष में 2.88 करोड़ रुपये से अधिक का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। लाभ के आधार पर सदस्यों को उनके हिस्से पर सात प्रतिशत लाभांश देने का निर्णय लिया गया। वहीं, मृतक शिक्षक सदस्यों के परिजनों को अब दो लाख रुपये के स्थान पर 2.50 लाख की आर्थिक सहायता दिए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
चंदननगर में हुई बैठक में सचिव राजेश्वर सिंह चौहान ने पिछली वार्षिक बैठक की कार्यवाही के बारे में बताया, जिसे सदन ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। इसके बाद वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण सदन के समक्ष रखा गया। सचिव ने बताया कि समिति अपने सदस्यों की जमा अमानतों पर 5.50 प्रतिशत ब्याज दे रही है, जबकि सदस्यों को दिए जाने वाले ऋण पर 6.50 प्रतिशत ब्याज लिया जा रहा है। समिति महज एक प्रतिशत के ब्याज अंतर पर काम कर रही है। इसके बावजूद वित्तीय वर्ष 2025-26 में समिति ने ₹2,88,65,402.15 का शुद्ध लाभ अर्जित किया। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति विनोद सिंह असवाल और संचालन समिति के सचिव राजेश्वर सिंह चौहान और पूर्व संचालक प्रशान्त सकलानी ने संयुक्त रूप से किया।
63.73 करोड़ का ऋण वितरित
देहरादून। समिति ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में सदस्यों को 63.73 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किया। 31 मार्च 2026 तक सदस्यों पर समिति का कुल 139.14 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण बकाया था। वहीं, इस वित्तीय वर्ष में समिति का कुल कारोबार 245.95 करोड़ रुपये से अधिक रहा। समिति को उत्तराखंड की प्रमुख वेतनभोगी सहकारी समितियों में शामिल किया जाता है।