विधानसभा सदस्यों को चुने जाने की प्रक्रिया पूरी होने के साथ मंगलवार को तीसरी विधानसभा भंग कर दी गई और चौथी विधानसभा के गठन की तैयारी शुरू कर दी गई है। निर्वाचन आयोग ने नई विधानसभा की अधिसूचना भी जारी कर दी है। राजभवन से विधानसभा सामान्य निर्वाचन में निर्वाचित विधानसभा सदस्यों की अधिसूचना पर मुहर लगने के साथ ही अब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
उधर, उत्तराखंड के नए सीएम के चयन के लिए पर्यवेक्षक सरोज पांडे और नरेंद्र सिंह तोमर बुधवार को देहरादून पहुंचेंगे। बृहस्पतिवार को विधायक दल की बैठक में सीएम का नाम तय होने की संभावना है। हालांकि सीएम के नाम की अधिकारिक घोषणा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह करेंगे। सीएम पद की दौड़ में त्रिवेंद्र सिंह रावत, सतपाल महराज के बाद चल रहे प्रकाश पंत का नाम मंगलवार रात तक सबसे आगे आ चुका था। इस दौड़ में फिलहाल अजय भट्ट और मदन कौशिक के नाम भी शामिल हो गए हैं।
राजभवन से प्राप्त सूचना के मुताबिक राज्यपाल केके पाल ने लोकप्रतिनिधि अधिनियम 1951 के तहत चौथी विधानसभा के गठन पर मुहर लगा दी है। राज्यपाल ने नई विधानसभा गठित करने के साथ तीसरी विधानसभा को विघटित कर दिया। यह आदेश जारी होने से पहले निर्वाचन आयोग के सचिव राहुल शर्मा और सीईओ राधा रतूड़ी ने राज्यपाल को निर्वाचित 69 विधानसभा सदस्यों की अधिसूचना राजभवन को सौंपी थी।
अधिसूचना जारी होने के बाद अब नई सरकार के गठन के लिए राज्यपाल विधानसभा चुनाव में विजयी हुए सबसे बड़े दल भाजपा को नई सरकार बनाने का आमंत्रण देंगे। इधर, भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुनने के लिए पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड की ओर से तय दोनों पर्यवेक्षक बुधवार शाम तक देहरादून पहुंचेंगे।
यह तो तय हो चुका है कि किसी पैराशूट सीएम की लैंडिंग नहीं होगी। विजयी भाजपा विधानसभा सदस्यों में से ही सीएम का चुनाव होगा। सीएम पद पाने के लिए कई बड़े नेताओं ने अपने-अपने पक्ष में लाबिंग तेज करवा दी। संघ मुख्यालय नागपुर से लेकर दिल्ली दरबार तक हाजिरी देने का सिलसिला चल रहा है।