नई दिल्ली से देहरादून आ रही नंदा देवी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक हाथी की मौत के मामले में चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया। जिसके विरोध में रेलवे कर्मचारियों ने दून रेलवे स्टेशन में प्रदर्शन किया।
रविवार को चालक के खिलाफ केस दर्ज होने के पर प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने दोपहर बाद रवाना होने वाली बांद्रा एक्सप्रेस को रोक दिया। नॉर्दन रेलवे मेंस यूनियन ने दून रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया।
बता दें कि शनिवार को नई दिल्ली से देहरादून आ रही नंदा देवी एक्सप्रेस (12205) की चपेट में आने से एक हाथी की मौत हो गई थी। यह घटना सुबह रायवाला और कांसरो स्टेशन के बीच हुई। करीब 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ट्रेन के इंजन से टकराने के बाद हाथी ट्रैक के किनारे गड्ढे में जा गिरा। चालक ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगा कर 10 मिनट तक ट्रेन को रोका। इसके बाद चालक ने कांसरो स्टेशन को हाथी के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना दी।