उत्तराखंड में विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन की प्रक्रिया 20 जनवरी से आरंभ हो जाएगी। लेकिन नामांकन पत्र 19 जनवरी से ही उपलब्ध कराए जाएंगे। इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी राधा रतूड़ी ने सभी जिला व सहायक निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
बता दें कि 20 जनवरी को विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ पर्चे दाखिल करने की प्रक्रिया भी आरंभ हो जाएगी। कुछ उम्मीदवारों ने निर्वाचन अधिकारी से 19 जनवरी को ही नामांकन पत्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
उनके अनुरोध पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस संबंध में जिला व सहायक निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि वे 19 जनवरी को अपने कार्यालय में रहें और उसी दिन से उम्मीदवारों को नामांकन पत्र उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया में कई दस्तावेज शामिल करने होते हैं। शपथ पत्र बनाना होता है, जिसमें समय लगता है। इसलिए जो प्रत्याशी 20 जनवरी को नामांकन पत्र भरना चाहेंगे, उनके लिए तैयारी का समय नहीं रहेगा।
आवश्यक सुविधाओं से लैस बूथ
मुख्य निर्वाचन अधिकारी राधा रतूड़ी के मुताबिक, 96 फीसदी पोलिंग बूथों पर आवश्यक सुविधाएं जुटा ली गई हैं। प्रदेश में 10854 पोलिंग बूथ हैं, जिनमें 98.99 फीसदी बूथों पर शौचालय की सुविधा रहेगी। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों के अधिकारियों से हुई बैठक के बाद यह आंकडॉ सामने आया है।
सुविधा - पोलिंग बूथ - प्रतिशत
रैम्प - 9614 - 88.57
पेयजल- 10570 - 97.38
बिजली - 10275 - 94.66
फर्नीचर- 10654 - 98.15
शौचालय- 10745 - 98.99
सीसीटीवी कैमरों से लैस आबकारी की दुकानें
देहरादून। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आबकारी विभाग ने प्रदेश भर में आबकारी की दुकानों को सीसीटीवी कैमरों से लैस कर उनकी कनेक्टिविटी कर दी है। प्रमुख सचिव आबकारी सीएस नपल्च्याल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी राधा रतूड़ी को यह जानकारी दी।