मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने निकायों में शामिल नए गांवों से 10 वर्षों तक टैक्स नहीं लेने का एलान किया है। उन्होंने यह घोषणा मंगलवार को रायपुर ब्लॉक भवन में विभिन्न विभागों की 32 योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के दौरान की।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को ब्लॉक भवन में रायपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एमडीडीए, लोनिवि समेत विभिन्न विभागों की 32 योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इनमें 68 करोड़ 23 लाख की 22 योजनाओं का लोकार्पण किया और 33 करोड़ 66 लाख की कुल 10 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकायों में मिलाए गए नए क्षेत्रों से आने वाले 10 वर्षो तक कोई टैक्स नहीं वसूला जाएगा।
विकास कार्यों के लिए नगर निगमों को 1500 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इसके अलावा जल्द 2000 कर्मियों की भर्ती नगर निकायों में की जाएगी, जिसमें पर्यावरण मित्र और अन्य स्टाफ होगा। इस दौरान सीएम ने ब्लॉक के पुराने भवन के जीर्णोद्धार व सभागार के लिए फर्नीचर की व्यवस्था करने की भी घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनता मिलन समारोह में भी हिस्सा लिया।