भारी बर्फबारी से नई टिहरी शहर के अधिकांश लिंक मार्ग बंद हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही नहीं हो पा रही है। इसके अलावा टिहरी में तीन हाईवे सहित 24 मोटर मार्ग बंद पड़े हैं। टिहरी-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग बर्फबारी के बाद पाले के कारण बंद पड़ा है। बर्फबारी से बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त होने और शहर के तीन ट्रांसफार्मर जल जाने से शुक्रवार शाम से जिले में बिजली आपूर्ति ठप है। साथ ही ब्रॉडबैंड सेवा भी ठप रही।
टिहरी जिले में बर्फबारी से त्यूणी-मलेथा, ऋषिकेश-श्रीनगर राजमार्ग बंद है। रायपुर-कुमाल्डा, कद्दूखाल-सुवाखोली, असलम-भवान, नगुंण-बड़ेथी-बनचैरा राजमार्ग बंद पड़ा है। इसके अलावा लिंक मार्गों में अगलाड़-थत्युड़, असलम बैंड, बंगियाल, मैंडखाल, कमांद, थौलधार आदि बंद हैं। वहीं प्रतापनगर के अधिकांश मार्ग भी बंद पड़े हैं। डीएम डा. वी षणमुगम ने विभागीय अधिकारियों को बंद मार्ग जल्द खोलने के निर्देश दिए। ऊर्जा निगम के ईई राकेश कुमार का कहना है कि सड़कें बंद होने के कारण बिजली आपूर्ति बहाल करने में दिक्कतों आ रही हैं। देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास हैं।