फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड की सड़क इतनी मजबूत होगी कि 200 वर्षों तक गड्ढे नहीं पड़ेंगेः गडकरी

Mon, 13 Feb 2017 10:51 AM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, कोटद्वार
विज्ञापन
nitin gadkari - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की सरकार आने पर कोटद्वार को ऑल वेदर रोड से जोड़ा जाएगा। सड़क इतनी मजबूत होगी कि 200 वर्षों तक इस पर गड्ढे तक नहीं पड़ेंगे। लालढ़ाग- चिल्लरखाल मोटर मार्ग को महामार्ग में शामिल किया जाएगा। साथ ही कालागढ़-रामनगर मार्ग को भी राष्ट्रीय राजमार्ग बनाकर क्षेत्रवासियों की वर्षों से चली आ रही मांग को पूरा किया जाएगा।
विज्ञापन

            
रविवार को देवी रोड स्थित सर्कस ग्राउंड में आयोजित जनसभा में लगभग दो घंटे विलंब से पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने पहले लोगों से देरी से पहुंचने पर माफी मांगी। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने माइक संभाल लिया और आठ मिनट के भाषण में केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए कई योजनाएं चला रही है।

यदि उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बनती है तो प्रदेश के चारों धामों को हाईटेक बनाया जाएगा। कोटद्वार बस अड्डे को अंतरराज्जीय स्तरीय हाईटेक बस अड्डा बनाया जाएगा। प्रदेश में करोड़ों की लागत से बनाई जा रही ऑल वेदर रोड से कोटद्वार को भी जोड़ा जाएगा। कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड की सड़कों के लिए प्रति वर्ष 300 करोड़ रुपये देती है। लेकिन, प्रदेश सरकार केंद्र के धन का सही उपयोग नहीं कर पाई है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता 2018 तक देश के प्रत्येक युवा को रोजगार देना है। उत्तराखंड में भाजपा की सरकार बनने पर प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी डा. हरक सिंह रावत के समर्थन में मतदान करने की अपील की। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी हरक सिंह रावत, जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीप्ती रावत, उपाध्यक्ष सुमन कोटनाला, महामंत्री विरेंद्र रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष धीरेंद्र चौहान आदि मौजूद थे। सर्कस ग्राउंड पर भीड़ को देखकर भाजपाई गदगद हो उठे।
.            
विज्ञापन

रुकेगा पर्यटन, रोजगार बढ़ेगा और पलायन

केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तराखंड के चारों धामों में बेहतर सड़क सुविधा के लिए ऑल सीजन रोड प्रोजेक्ट शुरू किया गया है, जिससे न केवल यहां कि सड़कें बेहतर होंगी। बल्कि पर्यटन, रोजगार बढ़ेगा और पलायन रुकेगा।

केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी आजाद मैदान में गंगोत्री विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी गोपाल सिंह रावत के समर्थन में जनसभा संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश आजाद होने के बाद पंडित नेहरू भारत के प्रधानमंत्री बने उन्होंने कहा था कि देश में गरीबी हटाएंगे। इसके बाद इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी के साथ अब राहुल गांधी भी गरीबी हटाने के नारे पर वोट मांग रहे हैं, लेकिन देश में गरीब किसान, दलित समाज और मजदूर की गरीबी तो दूर नहीं हुई। बल्कि पिछले 68 सालों में कांग्रेसियों की गरीबी जरूर दूर हुई है।

कांग्रेस के शासनकाल में कई बड़े घोटाले हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हिंदुओं और मुस्लिमों को आपस में लड़ाया है। गरीब की कोई जाति-धर्म नहीं होता है। उसके लिए पैट्रोल और गैस के दाम एक होते हैं। हम देश का भविष्य संवारने का संकल्प लेकर आए हैं, जब मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी तो मैं परिवहन मंत्री बना। इसके बाद मैने इंजीनियरों को बुलाया और यह जनाने की कोशिश की कि उत्तराखंड में भू-धंसाव, बादल फटने और बाढ़ आने के क्या कारण है और क्या यहां की तस्वीर नहीं बदल सकती है। तो वह जवाब नहीं दे पाए।

इसके बाद इंटरनेशनल कंसल्टेंट बुलाकर ऑल सीजन रोड प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया गया। यह ऑल सीजन रोड उत्तराखंड के चारों धामों को जोड़ने के साथ यहां के कई जिलों को भी जोड़ रही है। गडकरी ने कहा कि 2018 के अंत तक इस ऑल सीजन सड़क प्रोजेक्ट का काम खत्म करके इसका उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने गोपाल रावत के समर्थन में लोगों से वोट मांगे। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश के सांसद रामस्वरूप शर्मा, टिहरी सांसद राजलक्ष्मी शाह, गंगोत्री से भाजपा प्रत्याशी गोपाल रावत, जिलाध्यक्ष भाजपा रामसुंदर नौटियाल, सुरेश चौहान, विजय संतरी आदि शामिल रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें