राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) ने दो विषयों की परीक्षा की तिथि बदल दी है। यह बदलाव चुनाव के चलते किया गया है। उधर 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में यूपी के सहारनपुर और उत्तराखंड के पुरोला व हरिद्वार से आठ नकलची पकड़े गए हैं।
एनआईओएस के क्षेत्रीय निदेशक सुशील तंवर ने बताया कि देहरादून क्षेत्रीय केंद्र के अंतर्गत उत्तराखंड के अलावा पश्चिम उत्तर प्रदेश के आठ जिलों में तीन अक्तूबर से 10वीं, 12वीं की परीक्षाएं चल रही हैं। इस बार नकल रोकने के विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय पुलिस-प्रशासन के सहयोग से परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग की जा रही है।
इसी सख्ती के चलते अभी तक आठ मुन्नाभाई पकड़े जा चुके हैं। उधर, चुनाव के चलते 10वीं में साइंस एंड टेक्नोलॉजी (विषय कोड-212) और 12वीं में इकोनोमिक्स (विषय कोड-318) की परीक्षाओं की तिथि बदली गई है। उन्होंने बताया कि पहले यह परीक्षाएं 21 अक्तूबर को होनी थी। अब यह परीक्षाएं चार नवंबर को होगी।