सहसपुर कोतवाली क्षेत्र में घर से स्कूल के लिए निकली दूसरे समुदाय की नौवीं की छात्रा उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मिली। पुलिस ने छात्रा को बहला-फुसलाकर भगाने वाले यूपी के शाहजहांपुर के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई हैं।
कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र की 16 वर्षीय नौंवी की छात्रा 17 जुलाई की सुबह घर से स्कूल के लिए निकली थी। तब से वह नहीं लौटी। लापता छात्रा की माता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। छात्रा को ढूंढने के लिए पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी कैमराें की फुटेज की जांच के साथ सर्विलांस टीम की भी मदद ली गई। छात्रा की लोकेशन उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के पूरनपुर शहर में ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस टीम पीलीभीत रवाना हुई। रविवार को किशोरी ट्रेस किए गए स्थान पर मिल गई। उसके साथ यूपी के शाहजहांपुर का आरोपी भी था। किशोरी ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मुकदमे में दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट संबंधी धाराओं को बढ़ाया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।