जौनसार बावर क्षेत्र में भूस्खलन व पहाड़ियों से मलबा व पत्थर आदि गिरने से मोटर मार्गों के बंद होने का सिलसिला जारी है। बृहस्पतिवार को क्षेत्र के नाै मोटर मार्ग बंद रहे। मार्गों को खोलने के लिए लोनिवि की जेसीबी दिनभर चलती रही। जौनसार बावर के ग्रामीण क्षेत्रों में मोटर मार्गों पर गिर रहे पत्थर व मलबे से आवाजाही बाधित हो रही है। मार्ग बंद होने के इस क्रम में लोनिवि अस्थाई खंड चकराता का चकराता-लाखामंडल मोटर मार्ग मलबा व पत्थर आदि गिरने से तीन स्थानों पर बंद है। इसके अलावा क्वांसी-जोगियो मोटर मार्ग चार स्थान पर, बिरमोऊ मोटर मार्ग दो स्थान पर बंद हैं। मार्गों को खोलने के लिए जेसीबी से मलबा हटाने का कार्य जारी है। उधर, पीएमजीएसवाई कालसी के मेघाटू-कूल्हा-शेडिया मोटर मार्ग दो स्थान पर, बोसान बैंड से बोसान मोटर मार्ग एक स्थान पर, ध्वैरा से देऊ मोटर मार्ग एक स्थान पर, लाखामंडल-रेंजी मोटर मार्ग एक स्थान पर, जगथान मोटर मार्ग पांच स्थान पर मलबा आने से बंद हैं। लोनिवि के नोडल अधिकारी आपदा आदित्य ठाकुर ने बताया कि सभी बंद मोटर मार्गों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। आशा है कि देर रात तक सभी मार्गों से मलबे को साफ करके उन्हें आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।