काशीपुर के वार्ड संख्या 31 के लिए ऊधमसिंहनगर के मुख्य उद्यान अधिकारी रामेश्वर सिंह को नया रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है। मतपत्र में गड़बड़ी के बाद आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर रिटर्निंग ऑफिसर डॉ.गोपाल सिंह धामी को हटा दिया है।
काशीपुर के वार्ड संख्या 31 के लिए उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज में मतदेय स्थल बनाया गया था। इसमें 2361 मतदाता थे। राज्य निर्वाचन आयुक्त चंद्रशेखर भट्ट के अनुसार, इस मतदेय स्थल पर मेयर पद के लिए हुआ मतदान मान्य है, लेकिन सभासद पद का चुनाव दोबारा से कराया जा रहा है।
सूची में नाम गायब होने की जगह-जगह शिकायत
नगर निकाय चुनाव में इस बार असाधारण रूप से मतदाता सूची में नाम कटने की शिकायतें रहीं। हर जगह बड़ी संख्या में मतदाताओं ने इस बात पर नाराजगी जताई कि उनके नाम सूची से हटा दिए गए हैं।
नगर निगमों में मतदान प्रतिशत
देहरादून 56.94
हरिद्वार 66.09
ऋषिकेश 67.00
कोटद्वार 65.43
हल्द्वानी 65.79
काशीपुर 70.02
रुद्रपुर 68.91
गढ़वाल: पांच पर्वतीय जिलों में मतदान प्रतिशत
उत्तरकाशी 70.59 प्रतिशत
पौड़ी 70.40 प्रतिशत
रुद्रप्रयाग 66.64 प्रतिशत
टिहरी 66.01 प्रतिशत
चमोली 65.79 प्रतिशत
कुमाऊं: किस जिले में कितना मतदान
जिला वोटिंग (फीसदी में)
अल्मोड़ा (चार निकाय) 65
बागेश्वर (दो निकाय) 71.37
पिथौरागढ़ (पांच निकाय) 67.24
चंपावत (चार निकाय) 72.20
यूएस नगर (15 निकाय) 73.71
नैनीताल (सात निकाय) 67.30
मतदान अधिकारी को पड़ा मिर्गी का दौरा
खटीमा में एक मतदान बूथ पर बतौर मतदान अधिकारी तैनात व्यक्ति को सुबह अचानक मिर्गी का दौरा पड़ने से वहां अफरा-तफरी मच गई। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बूथ संख्या 18-42 में तराई बीज निगम रुद्रपुर के कर्मचारी एके चौहान की मतदान अधिकारी तृतीय के रूप में ड्यूटी लगी थी। सुबह करीब 9:15 बजे एक मतदाता की उंगली पर स्याही लगाते समय उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ गया और वह बेहोश होकर गिर गए।
तत्काल डॉक्टर को बुलाया गया, लेकिन जब तक डॉ. पवन उप्रेती मौके पर पहुंचते, कर्मचारी को होश आ चुका था। हालांकि डॉक्टर ने उनकी स्वास्थ्य जांच की। इधर, एसडीएम विजय नाथ शुक्ल ने बताया कि संबंधित कर्मचारी के स्थान पर दूसरे कर्मी को तैनात कर दिया गया है। बाद में चौहान ने बताया कि उन्होंने मिर्गी के दौरे का इलाज वर्ष 2004 में कराया था। अब 10-12 साल बाद रविवार को अचानक अचानक दौरा पड़ा है।
पूरे प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के लिए मतदाताओं ने उत्साह दिखाया है, यह शुभ संकेत है। नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराया गया है। मैं मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट करता हूं।
-चंद्रशेखर भट्ट, राज्य निर्वाचन आयुक्त, उत्तराखंड