फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निकाय चुनाव 2018: हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर चुनाव की दृष्टि से सबसे संवेदनशील

Wed, 14 Nov 2018 11:45 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
anil raturi
विज्ञापन

पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूडी ने निकाय चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने यूपी की सीमा से लगे हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिले को चुनाव की दृष्टि से सबसे संवेदनशील माना हैं। उन्होंने मतदान से 48 घंटे पहले ही राज्य की सीमा पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्धों की धरपकड़ करने को कहा। चुनाव ड्यूटी में अधिकतम पुलिस बल लगाने के साथ अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। 

विज्ञापन


पुलिस महानिदेशक रतूडी ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले वार निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण कराने के लिए किसी तरह की कसर नहीं छोड़ी जाए। पुलिस बल की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्हाेंने हरिद्वार और बागेश्वर कप्तान की मांग पर फोर्स उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। चुनाव की दृष्टि से हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर सबसे संवेदनशील है, इसलिए इन जिलों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। यूपी से लगे जिले होने के कारण अराजकतत्व चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाए। मतदान के दिन सीमा पर सक्रियता बढ़ाने को लेकर पड़ोसी जिलों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर लिया जाए। 

अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस कप्तानों को संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण कराने के साथ अधिकारियों की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने को कहा गया हैं। पूर्व के चुनावों में हुए विवादाें का संज्ञान लेकर सुरक्षा के सभी कदम उठाए जाए। अवैध शस्त्राें, अवैध शराब की बरामदगी के लिए प्रयास तेज करें। चुनाव को प्रभावित करने वालों के खिलाफ पहले ही निरोधात्मक कार्रवाई कर ली जाए। आदर्श आचार संहिता का अनुपालन सख्ती से कराया जाए। पुलिस कर्मियाें को बता दिया जाए कि ड्यूटी के दौरान किसी तरह की कोताही सहन नहीं होगी। इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन राम सिंह मीणा, अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना वी विनय कुमार, आईजी दीपम सेठ, अमित सिन्हा, एपी अंशुमन, जीएस मत्तोलिया आदि मौजूद रहे। पौड़ी के एसएसपी जगत राम जोशी ने बुजुर्गों के कल्याण को किए जा रहे कार्यों को लेकर प्रस्तुतिकरण भी दिया। डीजीपी ने उनके कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस इस तरह से सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वाह कर जनता के बीच गहरी पैंठ बना सकती हैं। 
विज्ञापन


चुनाव में तैनात होने वाला पुलिस बल
प्रदेश में 18 नवंबर को होने वाले निकाय चुनाव में 10 हजार पुलिस कर्मियों के अलावा पीएसी की 20 कंपनी तैनात की गई है। चार हजार होमगार्ड के अलावा दो हजार पीआरडी के जवान भी ड्यूटी करेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर दो सशस्त्र पुलिस कर्मियाें की तैनाती रहेगी। संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर पीएसी तैनात करने का प्लान है। 

11 हजार लोगों का चालान
एडीजी अशोक कुमार ने बताया कि चुनाव के दृष्टिगत प्रदेश भर में 11352 लोगों के लिए शांति भंग में चालानी रिपोर्ट दी गई। इनमें से 3211 लोगाें को मुचलकों में पाबंद किया जा चुका हैं। 9014 लीटर शराब बरामद कर आबकारी अधिनियम में 327 लोगों पर कार्रवाई की गई। अवैध शस्त्र बरामदगी में 73 लोगों की गिरफ्तारी हुई।

शस्त्र लेकर चलने पर रहेगा प्रतिबंध
निकाय चुनाव में मतदान के दिन लाइसेंसी शस्त्र लेकर चलना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। एडीजी ने बताया कि पुलिस ने निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संवेदनशील इलाकों में ही लाइसेंसी शस्त्र जमा कराए है। अन्य इलाकों में लाइसेंस धारकों को शस्त्रों का अनुचित प्रयोग करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। चुनाव के दिन यदि कोई शस्त्र लेकर नजर आता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। 

देहरादून में 68 केंद्र अति संवेदनशील 
नगर निकाय चुनाव के लिए जिले में बनाए गए 380 केंद्रों में 68 केंद्र अति संवेदनशील हैं। वहीं, 106 केंद्र संवेदनशील हैं। इसके अलावा देहरादून नगर निगम में बनाए गए 285 केंद्रों में 57 संवेदनशील तथा 43 अति संवेदनशील हैं। 
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी एसए मुरुगेशन ने बताया कि नगर निकाय निर्वाचन 2018 के लिए जिले में 380 केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें से 106 केंद्र संवेदनशील है। जबकि 68 केंद्र अति संवेदनशील हैं। वहीं, नगर निगम देहरादून में कुल 285 केंद्र हैं, जिनमें 57 संवेदनशील एवं 43 अति संवेदनशील हैं। 


नगर निगम ऋषिकेश में बनाए गए 36 केंद्र में से 19 संवेदनशील एवं 12 अति संवेदनशील केंद्र हैं। नगर पालिका परिषद डोईवाला के 25 केंद्रों में से 15 संवेदनशील एवं पांच अति संवेदनशील केंद्र हैं। नगर पालिका परिषद मसूरी में 20 केंद्रों में से 10 संवेदनशील एवं तीन अति संवेदनशील हैं। नगर पालिका परिषद विकासनगर में नौ केंद्रों में से दो संवेदनशील एवं तीन अति संवेदनशील हैं। नगर पालिका परिषद हरबर्टपुर पांच केंद्र हैं, जिनमें से तीन संवेदनशील एवं दो अति संवेदनशील हैं। 

कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण 
नगर निकाय स्थानीय निर्वाचन-2018 को लेकर मंगलवार को एमएम घोष ऑडिटोरियम ओएनजीसी में मतगणना ड्यूटी में लगे कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें बताया कि गया कि किस तरह से मतगणना करनी है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें