कांग्रेस ने नगर निकाय चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले दावेदारों पर दूसरे दिन भी मंथन किया। बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह सहित अन्य बड़े नेताओं ने उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन किया। बताया कि उनकी कोशिश ज्यादा से ज्यादा सीटों पर सहमति बनाने की है।
पार्टी के पास अब गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के 84 निकायों के सभी दावेदारों का फीडबैक मौजूद है। कई निकायों में दावेदारों के बीच सहमति बनाने में प्रदेश नेतृत्व को प्रारंभिक सफलता भी मिली है। पार्टी की कोशिश है कि उम्मीदवारों की सूची जारी करने में देरी न होने पाए। जल्द से जल्द उम्मीदवार अपने चुनावी अभियान में जुट जाए।
लोकसभा चुनाव की चुनौती का सामना करने से पहले कांग्रेस नगर निकाय चुनाव में ऐसा प्रदर्शन चाहती है, जो उसे ऊर्जा दे सके। भाजपा की तरह ही प्रदेश के सात नगर निगमों पर उसका सबसे ज्यादा फोकस है। 2013 में जब निकाय चुनाव हुए थे, तब कांग्रेस की प्रदेश में सरकार थी और नगर निगमों में उसका प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। कांग्रेस अब भाजपा के राज में ये कहानी दोहराए जाने की उम्मीद कर रही है।