महानगर के पूर्व अध्यक्ष पृथ्वीराज चौहान भाजपा में शामिल
- फोटो : अमर उजाला
नगर निकाय चुनाव के बीच कांग्रेस को झटका लगा है। पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह चौहान शुक्रवार को अपने 70 से अधिक समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। चौहान ने अपने परिजनों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ महानगर कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष व महासचिव भी भाजपा में शामिल हुए हैं। उनकी भाजपा में ज्वाइनिंग कांग्रेसियों के लिए ही नहीं बल्कि भाजपा से जुड़े लोगों के लिए भी अप्रत्याशित मानी जा रही है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल ने पृथ्वीराज सिंह चौहान के पार्टी में शामिल होने की विधिवत घोषणा की। मौके पर मौजूद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने चौहान का स्वागत किया। बंसल ने उन सभी नेताओं और समर्थकों के नाम पढ़े, जो चौहान के साथ भाजपा में शामिल हुए। इनमें व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन, पूर्व उपाध्यक्ष महानगर कांग्रेस कुल भूषण गुंसाई, पूर्व महासचिव जितेंद्र भट्ट, प्रदेश पदाधिकारी कंचन सिंह रांगड़, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष वशुमति पंवार, हेमलता मर्तोलिया, एडवोकेट कमलेश चौहान समेत 70 समर्थकों ने भाजपा का दामन थामा।
इनमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा व्यापारी व अधिवक्ता भी हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भाजपा जिस रास्ते पर काम कर रही है, चौहान और उनके समर्थकों ने उस पर भरोसा जताया है। उनके पार्टी में शामिल होने से नगर निकाय चुनाव में पार्टी को लाभ होगा। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ.धन सिंह रावत, अनिल गोयल, प्रदेश महामंत्री व विधायक खजान दास, देहरादून नगर निगम के मेयर पद के प्रत्याशी सुनील उनियाल गामा, प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ.देवेंद्र भसीन आदि मौजूद थे।
कौन हैं पृथ्वीराज चौहान
पृथ्वीराज चौहान कांग्रेस महानगर के अध्यक्ष रहे। उन्हें प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के समर्थकों के तौर पर देखा जाता रहा है। प्रदेश कांग्रेस ने हाल ही में उनके स्थान पर लालचंद शर्मा को महानगर का अध्यक्ष बनाया था। तब से चौहान कांग्रेस की मुख्यधारा की राजनीति से अलग-थलग पड़ गए थे। देहरादून बार कौंसिल के अध्यक्ष रहे चौहान का अधिवक्ताओं के बीच अच्छा प्रभाव माना जाता है।
भाजपा अच्छी छवि वाले लोगों के लिए बनी है। चौहान सपरिवार पार्टी में आए, उनका भाजपा में स्वागत है।
- अजय भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
मैं सकारात्मक राजनीति में विश्वास करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुआ हूं। पीएम की नीतियां और मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति, उत्तराखंडियत के प्रति उनका समर्पण ऐसे कारण हैं, जिनकी वजह से पार्टी में आया हूं।
- पृथ्वीराज सिंह चौहान, पूर्व अध्यक्ष, महानगर कांग्रेस