आने वाले दिनों में शादियों का भी सीजन है। 13 व 14 अप्रैल को खूब शादियां होनी हैं। ऐसे में अगर आप शादी में जा रहे हैं या वहां से आ रहे हैं तो अपने साथ कार्ड रखना न भूलें। यदि ऐसा न हुआ तो दावत के चक्कर में कोर्ट कचहरी के चक्कर भी लगाने पड़ सकते हैं। मसलन, कार्ड दिखाने पर ही पुलिस आपको आने-जाने देगी।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट न चलने से होगी दिक्कत
रात्रि कर्फ्यू के दौरान पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी बंद रहेगा। लिहाजा, जनता को समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। यदि किसी को सवेरे या रात में ट्रेन, बस आदि पकड़नी है तो उसे अपने निजी वाहनों से ही वहां तक जाना पड़ेगा। इसके लिए भी उसके पास पहले से बुक किया हुआ टिकट होना चाहिए। ताकि, पुलिस को समझने में कोई परेशानी न हो।
एनसीसी का मांगेंगे सहयोग
वर्तमान में जनपद से आधे से ज्यादा पुलिस फोर्स कुंभ ड्यूटी के लिए हरिद्वार गई हुई है। ऐसे में फोर्स की कमी के कारण पुलिस को व्यवस्था सुचारु करने में परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। एसएसपी ने बताया कि इसके लिए एनसीसी व अन्य एजेंसियों का सहयोग भी मांगा जा सकता है।