राष्ट्रीय दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान (एनआईईपीवीडी) के 12वीं के छात्रों का बोर्ड रिजल्ट तैयार कर लिया गया है। जिसे संस्थान की ओर से केंद्रीय माध्यमिक बोर्ड (सीबीएसई) के सेंट्रल पोर्टल पर अपलोड किया गया है। इससे पहले 10वीं कक्षा का रिजल्ट संस्थान की ओर से सेंट्रल पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है।
सीबीएसई की ओर से 10वीं और 12वीं का बोर्ड रिजल्ट इस महीने के अंत तक जारी किया जाएगा। बोर्ड की ओर से 10वीं और 12वीं के बच्चों का परिणाम वेल डिफाइंड मानदंडों के अनुसार समयबद्ध तरीके से बनाया जा रहा है। एनआईईपीवीडी के प्राचार्य अमित कुमार शर्मा ने बताया कि सीबीएसई की ओर से बनाए मानदंडों के आधार पर 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए 30, 30 और 40 के अनुपात के मूल्यांकन फॉर्मूले का विकल्प चुना है। इसमें कक्षा 10वीं के परिणाम पर 30 फीसदी, कक्षा 11 के परिणामों पर 30 प्रतिशत और कक्षा 12 के आंतरिक परीक्षा के परिणाम को 40 फीसदी वेटेज दिया जाएगा।
12वीं के छात्रों का मूल्यांकन करने के लिए दूसरे स्कूलों से शिक्षक आए थे। मूल्यांकन होने के बाद बोर्ड को परिणाम भेज दिए गए हैं। इस महीने के अंत तक बोर्ड की ओर से परीक्षा परिणाम जारी कर दिया जाएगा।