एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले में आरोपी सुधीर चावला की कोर्ट में पेशी के दौरान गुरुवार को तबीयत बिगड़ गई। कोर्ट के आदेश पर पुलिस सुरक्षा में सुधीर को बीडी पांडे जिला अस्पताल ले जाया गया।
जहां डॉ. एमएस दुग्ताल ने जांच कर काडियोलॉजिस्ट को दिखाने की सलाह देते हुए उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया। वहीं सुधीर को फिर कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद जिला एवं सत्र न्यायाधीश/ विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण नरेंद्र दत्त की कोर्ट ने जेलर नैनीताल को आदेशित करते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी में सुधीर का उपचार कराने के लिए आदेश दिए।
बता दें कि घोटाले के आरोपी बिल्डर सुधीर चांवला और प्रिया शर्मा पर लगे चार्जों को गुरुवार को आरोपित किया जाना था लेकिन सुधीर चांवला की तबीयत बिगड़ने के कारण चार्ज नहीं लगाए जा सके। मामले की सुनवाई के लिए अगली तिथि 25 जनवरी नियत की गई है।