एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले के मुख्य आरोपी बिल्डर सुधीर चावला को पुलिसकर्मियों ने नैनीताल रोड स्थित रेस्टोरेंट में खाना खिलाया और उसे मौज करने की छूट दी।
पुलिसकर्मी खुद होटल में खाना खाते दिखाई दिए। इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर एसएसपी सुनील कुमार मीणा ने एसपी सिटी को जांच के निर्देश दिए। इधर, रात में पुलिसकर्मियों ने आरोपी को इलाज के लिए एसटीएच में भर्ती कराया।
पुलिसकर्मी उसे वीआईपी जैसी सुविधा प्रदान करते हैं
आरोपी सुधीर नैनीताल जेल में बंद है। आरोप है कि नैनीताल से रुद्रपुर कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिसकर्मी उसे वीआईपी जैसी सुविधा प्रदान करते हैं। उसकी देखरेख के लिए पत्नी भी आती है। बिल्डर के मामले में सोशल मीडिया पर दो-तीन वीडियो बृहस्पतिवार को वायरल हुए। वीडियो में सुधीर पत्नी के साथ नैनीताल रोड स्थित रेस्टोरेंट में खाना खा रहा है।
उसके साथ अन्य टेबल पर पुलिसकर्मी लजीज व्यंजन का आनंद ले रहे हैं। ये वीडियो दो जनवरी के बताए जा रहे हैं। नैनीताल में भ्रष्टाचार निवारण के मामले में बृहस्पतिवार को अदालत में सुधीर को पेशी के लिए लाया गया। पेशी के दौरान अनियमितता की शिकायत पुलिस अधिकारियों को मिली।
सीने में दर्द की शिकायत की
कोर्ट में पेश होने पर उसने अपने सीने में दर्द की शिकायत की। अदालत से अनुमति मिलने पर उसे बीडी पांडे अस्पताल भेजा गया। पुलिस नैनीताल अस्पताल से रात में रेफर कराने के बाद उसे लेकर एसटीएच आई। अस्पताल के एमएस डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि मरीज स्टेबल है। पहला ईसीजी सामान्य आया है। उसे मेडिसिन वार्ड में भर्ती कराया गया है। पहले भी उसे ब्लड प्रेशर, थायराइड, हार्ट की परेशानी रही है।
एसएसपी सुनील कुमार मीणा ने बताया कि अभियुक्त को होटल में खाना खिलाने का वीडियो वायरल होने का मामला संज्ञान में आया है। अभियुक्त के साथ दो पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगी थी। इस मामले में लापरवाही की जांच एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव को सौंपी गई है। एसपी सिटी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।