परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर, लापरवाही का आरोप
प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। जिस पर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया। परिजनों ने सहसपुर थाना पुलिस को तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार सभावाला निवासी विजयपाल ने गर्भवती पत्नी मोनिका को प्रसव के लिए डीआईएमएस हॉस्पिटल शंकरपुर सहसपुर में भर्ती कराया था। रविवार की सुबह महिला को प्रसव पीड़ा हुई। आरोप है कि प्रसव के दौरान डॉक्टर की लापरवाही से नवजात की मौत हो गई। डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा काटा।
परिजनों ने 112 पर इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने समझा बुझाकर परिजनों के आक्रोश को शांत कराया। थानाध्यक्ष सहसपुर गिरीश नेगी ने बताया कि नवजात बच्चे का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने उपचार में लापरवाही के कारण मृत बच्चा पैदा होने संबंधी आरोप लगाए गए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी को अग्रिम कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।