कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर देहरादून जिला प्रशासन और पुलिस ने भी कोविड गाइडलाइन का पालन करने वालों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। शनिवार को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने निरंजनपुर मंडी और पलटन बाजार में बिना मास्क पहने और शारीरिक दूरी का पालन न करने वाले 37 लोगों के चालान काटे। इसमें दुकानदारों के साथ ही आमजन भी शामिल हैं।
जिलाधिकारी डॉ. आर. राजेश कुमार ने शुक्रवार को जिले के सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, सब्जी मंडियों में मास्क पहनने और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन अनिवार्यत: करवाए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे। शनिवार को उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ निरजंनपुर सब्जी मंडी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान मास्क न पहनने और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन न करने वाले 17 लोगों के चालान भी किए गए।
एसडीएम सदर ने मंडी सचिव को निर्देशित किया कि वह भी अपने स्तर से मंडी परिसर में मास्क व शारीरिक दूरी का पालन करवाएं। एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारी शेखर सुयाल के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने पलटन बाजार में भी औचक निरीक्षण किया। पलटन बाजार में बिना मास्क के घूम रहे 20 लोगों का चालान किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस वाहन के माध्यम से कोरोना के बढ़ते खतरों और कोविड नियमों का पालन कराने संबंधी मुनादी भी कराई। दुकानदारों से अपील की गई कि बिना मास्क के घूम रहे खरीददारों को सामान विक्रय न करें। साथ ही दोबारा कोविड नियम तोड़ने पर तय प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।