देहरादून जिले में नए राशन कार्ड नहीं बन रहे हैं। लेकिन, कार्ड कब से बनेंगे जिला आपूर्ति कार्यालय में कोई बता भी नहीं रहा है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग कार्यालय पहुंच रहे हैं। लेकिन यहां हर कर्मचारी और अधिकारी का एक ही जवाब है अभी कार्ड नहीं बन रहे हैं। बृहस्पतिवार को पहुंचे कई लोगों ने इस पर नाराजगी जताई।
सुबह करीब 11 बजे डीएसओ कार्यालय में कई लोग राशनकार्ड से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। हर कोई अपने-अपने क्षेत्रों के पूर्ति निरीक्षक के बारे में जानकारी जुटाते हुए उन तक पहुंचे और घेरना शुरू कर दिया। अधिकांश लोगों की मांग थी कि उनका नया राशन कार्ड कब बनेगा।
आवेदन किए कई महीने हो गए हैं, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ। इस दौरान लोग पूछते रहे साहब, राशन कार्ड बनेगा भी या नहीं, कुछ तो बताओ? लेकिन कोई अधिकारी-कर्मचारी तय समयसीमा नहीं बता पाए।
दोपहर करीब 12 बजे डीएसओ और कई पूर्ति निरीक्षक विभागीय जांच और बैठक होने की वजह से कार्यालय से कहीं निकल गए। एक-दो पूर्ति निरीक्षक कार्यालय में मौजूद रहे। कई लोगों ने नए राशन कार्ड बनाने के लिए आवेदनपत्र भरे। लेकिन कर्मचारियों ने कार्ड नहीं बनने का हवाला दिया। इस पर सभी निराश होकर लौटते चले गए।
नया राशन कार्ड बनवाना था। इसके लिए कई माह से डीएसओ कार्यालय के चक्कर काट रहा हूं। हर बार कर्मचारी जल्द नए राशन कार्ड बनाने का आश्वासन दे रहे हैं।
- गगन अग्रवाल, चंदननगर
नया राशन कार्ड बनवाने के लिए आया था, लेकिन नहीं बन रहा है। लेकिन इस संबंध में कोई अधिकारी और कर्मचारी भी नहीं बता रहा है कब तक राशन कार्ड बनेंगे।
- इरशाद, कारगी
जल्द नए राशन कार्ड जारी होने की उम्मीद है। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आधार लिंक समेत अन्य कार्य सामान्य रूप से हो रहे हैं।
- जेएस कंडारी, जिला खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी