इन दिनों राजधानी देहरादून में कार कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए भगवान का सहारा ले रही हैं।
कंपनियों द्वारा कार के साथ जीरो फीसदी इंश्योरेंस, स्टेयरिंग कवर, मैटिंग, परफ्यूम जैसी एडिशनल चीजें तो ग्राहकों को पहले से ही दी जा रही हैं, अब कार कंपनियों ने ग्राहकों को बतौर छूट भगवान का दरबार भी देना शुरू कर दिया है।
भगवान जी भी दिए जा रहे गिफ्ट
ताजा उदाहरण मारुति की कारों का है। चाहे आप लोन पर इन कारों को खरीद रहे हैं या सारी राशि का नगद भुगतान करके, कार में अन्य सहूलियतों समेत भगवान जी भी गिफ्ट दिए जा रहे हैं।
कार के खरीदारों को यह भी सहूलियत है कि वह अपने आराध्य भगवान की जी मूर्ति कार के साथ ले सकते हैं। धर्मभीरू ग्राहकों को इस आफर के साथ खींचा जा सकेगा, ऐसा मानकर चला जा रहा है।
गांधी रोड प्रिंस चौक स्थित मारुति कारों के शोरूम के सीनियर डीएसई शेखर मराठा के अनुसार मारुति के सभी मॉडलों के साथ यह अलहदा ऑफर दिया जा रहा है। ग्राहक अपनी पसंद बता इसका लाभ उठा सकते हैं।