इंजन में अचानक खराबी आने के कारण न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर जाने वाली ट्रेन आधे घंटे तक रुड़की रेलवे स्टेशन से पहले खड़ी रही। ड्राइवर और गार्ड ने किसी तरह इंजन को ठीक किया। इसके बाद ट्रेन का आगे के लिए रवाना किया गया। वहीं, ट्रेन के आधा घंटे तक रेलवे स्टेशन पर खड़ी रहने से पाड़ली गुर्जर रेलवे फाटक पर जाम लग गया। इस ट्रेन का स्टापेज रुड़की में नहीं है।
बृहस्पतिवार को न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर जाने वाली ट्रेन करीब एक बजे दोपहर रुड़की से गुजर रही थी। जैसे ही ट्रेन दोपहर एक बजे रुड़की आउटर सिग्नल के पास पहुंची तो इंजन ने काम करना बंद कर दिया। ट्रेन के ड्राइवर ने इंजन में अचानक खराबी की सूचना स्टेशन अधीक्षक एसके वर्मा को दी। सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रेन के ड्राइवर कृष्ण कुमार से मामले की जानकारी ली। ड्राइवर ने स्टेशन अधीक्षक को बताया कि इंजन के प्रेशर ने काम करना बंद कर दिया।
इसके चलते इंजन ने भी काम करना बंद कर दिया है। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद ड्राइवर और गार्ड भूप सिंह ने इंजन में आई खराबी को ठीक किया। इस दौरान ट्रेन के आउटर सिग्नल के पास करीब आधे घंटे तक खड़ी रहने से पाड़ली गुर्जर रेलवे फाटक बंद रहा। लिहाजा दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि ट्रेन के इंजन में कुछ खराबी आ गई थी। करीब आधा घंटे के बाद इंजन में आई कमी को सही किया गया। इसके बाद ट्रेन का दोपहर डेढ़ आगे के लिए रवाना किया गया।