नेपाल में महिला-पुरुष की हत्या कर भागे नेपाल बदमाश के भारत में आकर छिपने की सूचना से जिला पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। बदमाश के यहां भी किसी वारदात को अंजाम देने की आशंका को देखते हुए पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस बदमाश को पकड़कर नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि बदमाश के यहां आकर छिपने की सूचना मिलने के बाद जिले की पुलिस को अलर्ट किया गया है। विशेषकर टनकपुर एवं बनबसा पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। नेपाल से भागकर आए बदमाश की तलाश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि बदमाश को जल्द पकड़कर नेपाल पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा।
उधर, मां पूर्णागिरि धाम क्षेत्र के सूत्रों के अनुसार नेपाल का यह बदमाश नवरात्र के पहले दिन मुंह पर कपड़ा बांधकर मां पूर्णागिरि धाम पहुंचा था। वहां उसने कुछ दुकानदारों का सामान ढोकर रुपये जुटाए और यहां से अंबाला जाने की बात कहकर चला गया। सूत्रों ने बताया यह बदमाश पहले भी पूर्णागिरि धाम में आकर सामान ढोने का काम कर चुका है। करीब दो माह पहले भी नेपाल पुलिस इस बदमाश को पकड़ने पूर्णागिरि आई थी, लेकिन तब वह यहां से भागकर खर्राटाक के जंगल में छिप गया था।