गोरखाली सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा
- फोटो : ANI
नेपाल में आई भीषण आपदा के बाद प्रभावित लोगों की मदद के लिए गोरखाली सभा देहरादून ने राहत अभियान शुरू किया है। केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा के उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों से आए प्रतिनिधियों के साथ सभा की बैठक हुई, जिसमें प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया।
सभा ने लोगों से पुराने कपड़े और अन्य सामान भारत से नेपाल भेजने के बजाय आर्थिक सहयोग देने की अपील की। इसके लिए लोगों ने सभा के बैंक खाते और यूपीआई के जरिए योगदान दिया। थापा ने बताया कि भारत से सामान भेजने में परिवहन लागत अधिक होने के कारण जुटाई गई राशि से काठमांडू में थोक दरों पर जरूरी सामान खरीदा जाएगा और उसे सीधे प्रभावित समुदायों तक पहुंचाया जाएगा।
गोरखाली सभा स्थानीय संस्था, छात्र संगठनों और सामुदायिक नेताओं के भी संपर्क में है, ताकि राहत जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाई जा सके। थापा के मुताबिक, आपदा में कई स्कूलों को भारी नुकसान पहुंचा है और कुछ बच्चों ने अपने माता-पिता को खो दिया है। ऐसे बच्चों की मदद के लिए स्कूल बैग, किताबें, कपड़े और जूते-चप्पल उपलब्ध कराने की योजना है।