नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा की खबर ने देहरादून में रह रहे नेपाली मूल के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। गढ़ी कैंट, राजपुर समेत कई इलाकों में लोग लगातार फोन मिला रहे हैं, लेकिन नेटवर्क की समस्या से अपनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद देहरादून में रहने वाले नेपाली मूल के लोग बेहद चिंतित हैं। लगातार फोन लगाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन नेटवर्क की समस्या के कारण फोन नहीं कनेक्ट हो पा रहे हैं। दोपहर से शाम तक गढ़ी कैंट, राजपुर आदि क्षेत्रों में रहने वाले लोग लगातार अपनों से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों में उत्तराखंड सरकार से मदद करने का अनुरोध भी किया है। गोरखा फ्रंट के सूर्या साही ने बताया कि उनके कई परिचित आपदा क्षेत्र और उसके आसपास में रहते हैं। लगातार फोन करने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन संपर्क नहीं हो पा रहा है। फोन लगेगा तो असल स्थिति का पता चल सकेगा। बताया जा रहा है कि भारत के कई लोग वहां पर थे। ऐसे में स्थानीय लोग बेहद चिंतित हैं।
नेपाल में भोटेकोशी नदी और त्रिशूली नदी में आई प्राकृतिक आपदा से हम देहरादून निवासी गोरखा समाज के लोग बहुत चिंतित हैं। उत्तराखंड, जो नेपाल का सबसे निकटतम प्रदेश है, से आशा करते हैं कि इस त्रासदी में अपना सहयोग शीघ्र शुरू करेगा।वहां सभी से संपर्क नहीं हो पा रहा है। ऐसे कठिन समय में पीड़ितों की मदद करना ही मानवता की सच्ची पूजा है। - राजन बस्नेत, सामाजिक कार्यकर्ता