केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से संचालित नेहरू युवा केंद्र ने युवा स्वयंसेवक पद के लिए आवेदन मांगे हैं।
नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी एम. टोलिया ने कहा कि सरकार स्वयंसेवक समूहों को संगठित करके उनकी ऊर्जा एवं सामर्थ्य को देशहित के कार्यों में लगाना चाहती है। इसके तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, सफाई, लिंगभेद व अन्य सामाजिक विषयों पर आधारित जागरूकता अभियानों के जरिये युवाओं को तैयार किया जाता है।
उन्होंने बताया कि आवेदक को कम से कम 10वीं पास होना अनिवार्य है और आयु आगामी 01 अप्रैल 2021 को 18 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। नियमित छात्र इस पद के लिए आवेदन के पात्र नहीं होंगे। स्वयंसेवक की नियुक्ति दो वर्षों के लिए की जाएगी। इस दौरान प्रतिमाह पांच हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए सरस्वती विहार, अजबपुर खुर्द स्थित कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं या विभाग की वेबसाइट www.nyks.nic.in पर जा सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2020 है।