मानसूनी बौछारें अभी तकरीबन सप्ताह भर और आपको भिगो सकती हैं।
राज्य मौसम केंद्र की मानें तो अभी आने वाले तीन दिन हल्की से मध्यम बारिश (10 मिलीमीटर से 35 मिलीमीटर) की संभावना है। इसके पश्चात दो दिन और प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बौछारें आपका दामन भिगो सकती हैं।
मौसम विभाग के अभी बारिश जारी रहने की बात दोहरा रहे हैं। बंगाल की खाड़ी में डिस्टर्बेंस के साथ ही पुरवा हवा से मौसम में नमी बनी हुई है, जिस वजह से अभी बारिश का यह क्रम बना हुआ है। अभी इसके बरकरार रहने की उम्मीद मानी जा रही है।
मुसीबत बन सकता है मौसम
केदारधाम यात्रा कल से शुरू होने वाली है। राज्य मौसम केंद्र की मानें तो यहां भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। दिक्कत यह है कि यहां भू-स्खलन काफी हुआ है। 20 मिलीमीटर बारिश भी पत्थर लुढ़का सकती है। लिहाजा, यात्रा में मौसम मुसीबत बन सकता है।
दून में 0.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज
प्रदेश में आज भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। राजधानी दून में आम तौर पर बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। दून में गुरुवार को सुबह और कुछ स्थानों पर दोपहर बाद बादल बरसे। कुल 0.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
फेसबुक पर राय देने के लिए क्लिक करें...