लंबे अंतराल के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी शुक्रवार को राजधानी के एफआरआई स्थित अपने आवास में पहुंचे। पत्नी उज्जवला तिवारी के साथ अनंत वन में पहुंचे तिवारी का समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
आंध्र के राज्यपाल के पद से विदाई के तुरंत बाद ही तिवारी एफआरआई स्थित अपने आवास पर पहुंचे थे। इस मामले से तिवारी उबर पाते कि उन्हें पितृत्व विवाद से भी जूझना पड़ा।
विवाद के बाद छोड़ दिया था अनंतवन
इसी विवाद के बीच में करीब डेढ़ साल पहले तिवारी ने अनंत वन छोड़कर लखनऊ स्थित आवास की ओर रुख किया था। इसके बाद से ही तिवारी ने उत्तराखंड से भी खासी दूरी बनाकर रखी।
विधानसभा चुनाव 2012 में तिवारी ने इस तरफ रुख किया था। कुछ समय तक तिवारी अपने भतीजे मनीषी के चुनाव प्रचार में मशगूल भी रहे थे। पर चुनाव के तुरंत बाद ही तिवारी फिर उत्तर प्रदेश की ओर रुख कर गए थे।
इस बीच तिवारी ने रोहित शेखर को बेटा भी मान लिया और उज्जवला के साथ वे दामपत्य सूत्र में भी बंध गए।
समर्थकों ने किया स्वागत
इन सब घटनाओं को पीछे छोड़ते हुए तिवारी ने शुक्रवार को फिर उसी अनंत वन में प्रवेश किया जहां से उनके कई खट्टे-मीठे अनुभव भी जुड़े हुए हैं।
करीब साढ़े सात बजे उज्जवला के साथ एफआरआई पहुंचे तिवारी का समर्थकों ने खासा स्वागत भी किया।