Iश्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की एनसीसी कैडेट आकृति रावत को मंगलवार को विवि के अध्यक्ष श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने 51 हजार रुपये से सम्मानित किया। आकृति ने गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) की परेड में उत्तराखंड निदेशालय का प्रतिनिधित्व किया था। श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा, बेटियों को और बढ़ावा देने के लिए हर संभव पहल की जानी चाहिए। ऐसी बेटियां युवाओं के साथ पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। आकृति ने गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयन प्रक्रिया के दौरान आईयूसी-आरडीसी कैंप में बेस्ट येप कैडेट का स्वर्ण पदक जीता और इसके बाद आईजीसी-आरडीसी कैंप में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्हें थलसेना अध्यक्ष (चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) जनरल उपेंद्र द्विवेदी की ओर से उत्तराखंड निदेशालय की सर्वश्रेष्ठ कैडेट के रूप में सम्मानित किया गया।I