राष्ट्रीय बॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से पहली बार महिला बॉक्सिंग की नेशनल चैंपियनशिप शनिवार को यहां रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन सभागार में शुरू की गई।
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने खिलाड़ियों की बाउट शुरू कराकर चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। देश की नंबर वन महिला मुक्केबाज मैरीकॉम इस प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण रही। पहले दिन चुनिंदा मुकाबले हुए। चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल को भी आना था, लेकिन वह नहीं पहुंच पाए। चैंपियनशिप में 34 टीमों सहित करीब 250 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
बहुप्रचारित यह चैंपियनशिप शाम चार बजे के बजाय मुख्यमंत्री हरीश रावत अचानक ही दोपहर करीब एक बजे आयोजन स्थल पर पहुंच गए। ऐसे में आयोजकों ने उनसे पहले ही शुभारंभ करा दिया। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड को चुनने पर एसोसिएशन और स्थानीय समिति का आभार जताया।
प्रदेश के खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल, केंद्रीय खेल सचिव राजीव यादव, बॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष अजय सिंह, उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव मेहता, मुख्यमंत्री के सलाहकार रंजीत रावत, आयोजन समिति के अध्यक्ष मुखर्जी निरवान, सचिव डीपी भट्ट, राजकुमार सचेती और प्रतियोगिता के आयोजन अध्यक्ष एसएसपी राजीव स्वरूप, सचिव डा. विशाल गर्ग, अर्पित पंजवानी, अरविंद पंवार, राजकिशोर समेत बड़ी संख्या में प्रतिनिधि मौजूद रहे।