शहर से करीब आठ किलोमीटर दूर है रॉबर्स केव (गुच्चुपानी) पर्यटक स्थल। यहां एक गुफा है, जिसमें से होकर एक छोटी सी जलधारा बहती है। गुफा में जूते ले जाना मना है। इसके लिए वहां किराये पर 10 रुपये में चप्पल मिल जाती हैं। गुच्चुपानी में सबसे बड़ी समस्या बदहाल सड़क, जाम और पार्किंग को लेकर है।
भीड़ बढ़ने पर यहां मारपीट की घटनाएं भी अक्सर होती हैं। पिछले काफी समय से यहां पार्किंग स्थल नदी की तरफ से टूटा हुआ है। जिससे दुर्घटना होने का डर बना रहता है। जिला पर्यटन अधिकारी जसपाल चौहान ने बताया कि पार्किंग को सही करने के लिए इस्टीमेट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजा है।
ये पर्यटन स्थल हो सकते हैं विकसित
लंबी देहर माइंस
एशिया के सबसे बड़े हांटेड हाउस लंबी देहर माइंस को नए टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा सकता है। मान्यता है कि यहां लाइम स्टोन की माइंस चलती थी। कुछ वर्षों के अंतराल में इस माइंस में हजारों मजदूर जिंदा दफन हो गए थे। इसके बाद से माइंस बंद हो गई थी और पूरा ढांचा अब खंडहर है। यहां गढ़ी कैंट क्षेत्र से किमाड़ी होते हुए और मसूरी रोड से भट्टा फॉल से करीब 13 किलोमीटर चलकर अपने वाहन से पहुंचा जा सकता है।
एडवेंचर हब बनेगा मालदेवता
शहर से करीब 17 किलोमीटर दूर पहाड़ियों की तलहटी में सौंग नदी के किनारे स्थित मालदेवता को एडवेंचर हब के रूप में विकसित किया जा सकता है। जिला पर्यटन अधिकारी का कहना है कि मालदेवता में पैराग्लाडिंग के अलावा रॉक क्लाइंबिंग, बाइकिंग और ट्रैकिंग आदि की सुविधाएं शुरू करने पर तेजी से काम चल रहा है।