विश्वविद्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के राष्ट्रीय संगठन अखिल भारतीय विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ की राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं कार्यकारिणी की बैठक एपीएस विश्वविद्यालय रीवा मध्य प्रदेश में हुई। इसमें उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष भूपाल सिंह करायत के नेतृत्व में कर्मचारी शामिल हुए।
संगोष्ठी में उत्तराखंड के विश्वविद्यालय में व्याप्त समस्याओं को राष्ट्रीय मंच पर उठाया गया। भूपाल सिंह ने बताया कि संगोष्ठी शासकीय वित्त पोषित उच्च शिक्षा व्यवस्था एवं कार्मिकों की भूमिका का वर्तमान परिदृश्य पर केंद्रित रही। इसमें देश के विभिन्न प्रदेश के विश्वविद्यालयों के कर्मचारी प्रतिनिधि शामिल हुए। संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ कर्मचारियों की मांगों पर विचार विमर्श किया गया। दो दिवसीय कार्यक्रम के द्वितीय दिवस में उत्तराखंड से राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कुलदीप सिंह, डाॅ. लक्ष्मण सिंह रौतेला ने भी संबोधित किया।