औली में जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता के आयोजन की स्वीकृति उत्तराखंड को मिल गई है। यह प्रतियोगिता अगले साल फरवरी में आयोजित कराई जाएगी। पर्यटन विभाग ने इस आयोजन के साथ ही औली में स्कीइंग कोर्स के लिए भी तैयारी तेज कर दी है।
पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने बताया कि औली में बर्फ बनाने वाली मशीन की जरूरी मरम्मत करा ली गई है। वहां पर कृतिम बर्फ बनाने का कार्य शुरू हो गया है। स्नो मेकिंग मशीन के समुचित रखरखाव को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक मेंटेनेंस कान्ट्रेक्ट किए जाने का प्रस्ताव है। इस क्रम में 17 दिसंबर को फ्रांस से पोमा कंपनी के इंजीनियर मेंटेनेंस कान्टेक्ट पर हस्ताक्षर करने के लिए भारत आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता की आयोजन की स्वीकृति प्राप्त हो गई है और फरवरी के प्रथम सप्ताह से इस प्रतियोगिता को आरंभ किए जाने की योजना है।
उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष में दक्षिण एशियाई स्कीइंग प्रतियोगिता के आयोजन के प्रयास किए जा रहे हैं और इसकी अनुमति अभी तक विचाराधीन है। उन्होंने जानकारी दी कि गढ़वाल मंडल विकास निगम के स्तर पर सोशल मीडिया और वेबसाइट के माध्यम से आकर्षक स्कीइंग पैकेजों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सर्दियों में सामान्यत: घूमने के प्रयोजन से जाने वाले पर्यटक स्कीइंग स्लोप में गंदगी फैला देते हैं। इससे पर्यावरण प्रदूषित होता है। इस पर नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से स्कीइंग स्लोप पर जाने वाले पर्यटकों के लिए एक अनिवार्य न्यूनतम शुल्क की व्यवस्था शीघ्र ही आरंभ की जाएगी। गढ़वाल मंडल विकास निगम के स्तर पर प्रतिवर्ष औली में स्कीइंग कोर्सेज आयोजित करवाए जाते हैं।
गढ़वाल मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक बीएल राणा ने बताया कि इस वर्ष सात दिवसीय और 14 दिवसीय स्कीइंग कोर्स आयोजित करवाए जा रहे हैं। सात दिवसीय कोर्स के लिए 30 सीटें, जबकि 14 दिवसीय कोर्स के लिए 10 सीटें रखी गई हैं। स्कीइंग कोर्सेज का आरंभ जनवरी माह के प्रथम सप्ताह से किया जाएगा।