कुछ करने की लगन और जज्बा हो तो कामयाबी जरूर मिलती है। इसे साबित किया है 15 साल की शिकायना मुखिया ने। शिकायना ने छोटी सी उम्र में स्टार प्लस में आने वाले शो लिटिल वॉयस इंडिया और सुपर स्टार सिंगर में हिस्सा लिया और अपनी अलग पहचान बनाई। शिकायना खिताब से महज एक कदम से चूक गईं।
इसी बीच शो में हिस्सा लेने के कारण स्कूल में उनकी उपस्थिति कम हो गई और प्रबंधन ने उन्हें स्कूल से निकाल दिया। लेकिन, शिकायना की काबिलियत से प्रभावित होकर उन्हें सिर्फ लड़कों के लिए संचालित कर्नल ब्राउन स्कूल में एडमिशन दिया गया। इस स्कूल में दाखिला लेने वाली वह पहली लड़की हैं।
बैडमिंटन में कुहू से उम्मीदें
बैडमिंटन में कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिताब जीत चुकीं कुहू गर्ग खेल जगत का चमकता सितारा हैं। कुहू ने शानदार प्रदर्शन के दम पर पूरी दुनिया में नाम कमाया। आज कुहू का नाम देश के सर्वश्रेष्ठ युवा शटलरों में गिना जाता है। कुहू सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाली उत्तराखंड की पहली और एकमात्र महिला शटलर हैं। कुहू ने मिक्स्ड डबल्स में आइसलैंड ओपन, हेलास ओपन समेत अनेकों अंतरराष्ट्रीय खिताब अपने नाम किए हैं। कुहू उत्तरखंड के डीजीपी अशोक कुमार की बेटी हैं।