कांसुवा से नौटी के लिए मनौती की छंतोली रवाना
राजकुंवरों के गांव कांसुवा से राजजात की मनौती की छंतोली पूजा होने के बाद पौराणिक परंपराओं के अनुसार नौटी के लिए रवाना हुई। बृहस्पतिवार सुबह पंचांग पूजा के बाद पंडितों ने राजकुंवर डॉ. राकेश कुंवर, रघुनाथ सिंह कुंवर, विजय कुंवर, जयकृत सिंह कुंवर के हाथों मुख्य पूजा संपन्न की। उसके बाद पंडितों की ओर से मंत्रोच्चारण के साथ देवी देवताओं का आह्वान किया गया तो देवताओं के पश्वा अवतरित हुए। पश्वाओं ने सभी भक्तों को आशीर्वाद दिया फिर दोपहर में ढोल दमाऊं भंकोरों मंगल गीतों के साथ मनौती की छंतोली भक्तों के साथ नौटी के लिए पैदल रवाना हुई। इस दौरान पय्यां, रिठोली, बनोला, मलेठी, ऐरोली, बैनोली में ग्रामीणों ने छंतोली यात्रा का स्वागत किया। नौटी के ग्रामीण छंतोली का स्वागत करने गांव के करीब डेढ़ किमी दूर रामेश्वर मंदिर तक गए। शाम को नौटी मंदिर में मनौती की छंतोली का स्वागत हुआ। राजजात के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुंवर ने बताया कि शुक्रवार को राजजात की घोषणा मनौती के बाद की जाएगी। वहीं नौटी श्रीनंदा देवी मंदिर में अनुष्ठान चौथे दिन भी जारी रहा। महिलाओं ने भजन और जागरों की प्रस्तुतियां दीं।
हे नंदा, हे गौरा, कैलाशों की यात्रा.... पर झूमे श्रद्धालु
बुधवार रात्रि को कांसुवा गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। सांस्कृतिक संध्या मेंं लोकगायक दर्शन फर्स्वाण ने हे नंदा, हे गौरा, कैलाशों की यात्रा... गीत प्रस्तुत किया तो दर्शक झूम उठे। महिला मंगल दल कांसुवा ने भी नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। सुचिता ने दर्शन फर्स्वाण को अपने हाथ से बनाया उनका चित्र भेंट किया। वहीं डॉ. ताजवर पडियार ने श्रीनंदा राजजात पर अपनी लिखी पुस्तक गायक को भेंट की।
ये भी पढे़ं...Vikasnagar: दीवार तोड़कर घर में घुसा वाहन, चपेट में आने से डेढ़ वर्ष की बच्ची की मौत, किशोर घायल
नंदा की बड़ी जात के आयोजन पर आज होगा फैसला
मां नंदा के सिद्धपीठ कुरुड़ मंदिर परिसर में वसंत पंचमी पर्व पर नंदा की बड़ी जात के आयोजन का फैसला होगा। इस दौरान नंदा मंदिर में विशेष पूजाएं भी होंगी। मंदिर में दिनपट्टा महोत्सव की तैयारियां भी पूरी हो गई हैं। नंदा मंदिर समिति के अध्यक्ष सुखवीर रौतेला ने बताया कि शुक्रवार को ब्रह्ममुहूर्त में मां नंदा की विशेष पूजाएं होंगी। उसके बाद मां नंदा का आह्वान किया जाएगा। अवतारी पुरुष मुंशीचंद्र गौड़ पर मां नंदा अवतरित की जाएंगी। माता के आदेश के अनुसार आगे के कार्यक्रम तय किए जाएंगे। बड़ी जात आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह रावत (सेनि) ने कहा कि समिति बड़ी जात के आयोजन के लिए तैयार है। महोत्सव में दशोली, बधाण, लाता और बंड क्षेत्र की मां नंदा के हक-हकूकधारी व श्रद्धालु बढ़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। अब बस मां नंदा के आदेश की प्रतीक्षा है।