शुक्रवार की दोपहर मिट्टी का खदान करते समय नहर पटरी से कई सांप व गोये आदि निकले। इसी बीच जेसीबी के पंजे में फंसकर एक पांच फुट का कोबरा कट गया। चालक थाना ठाकुरद्वारा ग्राम करनपुर डिलारी निवासी वेदप्रकाश ने मरे हुए नाग को एक ओर नहर किनारे डाल दिया।
इसके बाद वह जेसीबी पर बैठकर खाना खाने की तैयारी करने लगा। उसने रोटी का पहला टुकड़ा ही तोड़ा था कि अचानक उसकी आंखों के सामने मौत मंडरा गई। महज दो हाथ की दूरी पर नागिन फन फैलाये जेसीबी पर तनतनाये खड़ी थी। गुस्साई नागिन हमलाकर पाती, इससे पहले ही वेदप्रकाश ने जेसीबी से कूद लगा दी। साथ ही जेसीबी पर बैठा श्रमिक भी कूद पड़ा।
नागिन की दहशत से कुछ देर उनकी सांसे अनियंत्रित रही। उन्होंने इस बात की जानकारी राह चलते लोगों को दी। यह खबर आस-पास के गांवो तक फैल गई। देखते ही देखते वहां तमाशबीनों का जमावड़ा लग गया। लोगों ने जेसीबी पर ईंट पत्थर फेंककर नागिन को भगाने का प्रयास किया लेकिन वह टस से मस नहीं हुई।
जेसीबी स्वामी रियासत ने शिवलालपुर, काशीपुर व रामनगर से सपेरों को बुलवाया, लेकिन नागिन की फुंकार के चलते कोई उसे पकड़ने का साहस नहीं जुटा सका। शनिवार को दोपहर बाद जनपद मुरादाबाद थाना ठाकुरद्वारा के ग्राम करनपुर डिलारी निवासी किशन पुत्र राम सिंह नागिन को पकड़ने पहुंचा।
करीब डेढ़ घंटे तक आंख मिचौली करने के बाद किशन ने नागिन को कब्जे में कर लिया। उसने बताया कि जेसीबी से कटा कोबरा प्रजाति का नाग पांच फुट लंबा था। जबकि उसकी मादा साढ़े चार फुट की है। नागिन के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। पूर्व ग्राम प्रधान रियासत ने कोबरा पकड़ने वाले किशन को पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया है। वह पकड़ी गई नागिन को अपने साथ ले गया है।
नागिन को बस में करने वाला किशन
- फोटो : amar ujala
रायपुरखुर्द में कोबरा प्रजाति की नागिन को पकड़ने वाला किशन बेहद खतरनाक सांपों के साथ अठखेलियां करने के लिए प्रख्यात है। सांपों को पकड़ने और उनका जहर मथने में उसे महारत हासिल है। काशीपुर में मां मंशा देवी की शोभायात्रा के दौरान सजीव झांकी में सांपों के साथ गलबहियां करते देख दर्शक अचंभित व रोमांचित हो उठते हैं।
किशन कांच के बॉक्स में विभिन्न प्रजाति के सांपों को अपने बदन पर लपेटकर उनके साथ हैरतअंगेज करतब करते देखा जाता है। किशन ने बताया कि वह सांपों के आचरण व व्यवहार आदि से अच्छी तरह वाकिफ है और पिछले 20 वर्षो से सांप पकड़ने के धंधे से जुड़ा है।