देहरादून नगर निगम प्रशासन अतिक्रमण पर सख्त हुआ है, अगर दुकानदार तीन चेतावनी के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाता है तो उसकी दुकान सील होगी। पलटन बाजार, राजा रोड, डिस्पेंसरी रोड समेत तमाम बाजारों और सड़कों पर काफी अतिक्रमण है। ज्यादातर अतिक्रमण दुकानदारों द्वारा किया जाता है। जिसे देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने नया नियम बनाया है, जिसके तहत पहली बार दुकानदार को चेतावनी दी जाएगी और सामान हटाया जाएगा।
इसके बाद भी व्यवस्था में सुधार न होने पर सामान को जब्त किया जाएगा, साथ ही जुर्माना भी वसूला जाएगा। इस पर दुकानदार द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तो सामान जब्त करने की कार्रवाई होगी। चौथी बार दुकान को सील कर दिया जाएगा। निगम अधिकारियों के अनुसार शहर में करीब एक हजार ऐसी छोटी-बड़ी दुकानें हैं, जिन्होंने अतिक्रमण किया हुआ है।
अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी कड़ी में नगर निगम प्रशासन नई व्यवस्था लागू करने जा रहा है। अगर तीन बार की चेतावनी के बाद भी दुकानदार अतिक्रमण नहीं हटाता है तो चौथी बार में उसकी दुकान सील कर दी जाएगी।
- विनय शंकर पांडेय, नगर आयुक्त
अब शाम को भी उठेगा घर का कूड़ा
अगर आपका कूड़ा सुबह नहीं उठ रहा है तो चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। अब शाम को भी डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन होगा। चेन्नई एमएसडब्ल्यू कंपनी के 10 वाहन शाम को भी घरों से कूड़ा उठाएगी। हालांकि ये व्यवस्था नगर निगम के पुराने 60 वार्डों में होगी। जबकि शेष 40 वार्डों में भी जल्द कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था शुरू की जाएगी। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने मंगलवार को चेन्नई एमएसडब्ल्यू कंपनी के प्रोजेक्ट हेड मोहित द्विवेदी के साथ बैठक की।
जिसमें उन्होंने कहा कि कई लोग सुबह अपने घरों का कूड़ा नहीं दे पाते हैं, ऐसे में शाम को भी कूड़ा उठाने की व्यवस्था शुरू की जाए। जिससे लोगों को राहत मिले। उन्होंने प्रोजेक्ट हेड को इसके लिए 10 वाहन लगाने के निर्देश दिए। हर छह वार्ड में एक वाहन चलाने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। नगर आयुक्त ने बताया कि इस व्यवस्था से जनता को काफी सहूलियत मिलेगी। कहा कि शेष 40 वार्डों में जल्द ही कूड़ा उठान का टेंडर किया जाएगा। जिससे यहां से भी घर-घर से कूड़ा उठान हो सके।