होमगार्ड के जवान भी अब मोटरसाइकिल पर हैरतअंगेज करतब करते दिखाई देंगे। होमगार्ड के जांबाज दस्ते को तैयार कर लिया गया है। पुलिस लाइन देहरादून में सोमवार को कमांडेंट जनरल की मौजूदगी में होमगार्ड के जवानों ने मोटरसाइकिल पर 21 तरह के करतब दिखाए। जल्द ही यह जवान सरकारी कार्यक्रमों में प्रस्तुति देंगे।
बता दें कि कुछ साल पहले तक बीएसएफ के मोटरसाइकिल दस्ते का ही बोलबाला था। हर बड़े कार्यक्रमों में इसी जांबाज दस्ते को प्रदर्शन के लिए बुलाया जाता था। लेकिन, 2019 में उत्तराखंड पुलिस ने भी अपना डेयर डेविल्स नाम से दस्ता तैयार कर लिया। इसके हैरतअंगेज करतबों को देखकर लोग दांतों तले अंगुलियां दबाने को मजबूर हो जाते हैं। इसी क्रम में अब उत्तराखंड होमगार्ड ने अपना अलग से दस्ता तैयार किया है। यह भी पुलिस के जवानों की तरह की करतब दिखाने में माहिर है। इस दस्ते को 23 नवंबर से प्रशिक्षण मिलना शुरू हुआ था।
ये दिखाए करतब
मार्च पास्ट, पुलिस मैन सेल्यूट, ईगल, जेट फाइटर, फिश राईडिंग, मिनी लोटस, सोल्डर राईडिंग, पोल, टी.पोजीशन, साइड राईडिंग, तीन मैन बैलेंस, कॉक फाईटिंग, आठ मैन पिरामिड, जाम्बांज, पिकॉक, मंकी राईडिंग, मोगा, लेडर, चैस्ट जम्प, हाॅर्स राईडिंग, लोटस, फ्लैग मार्च।
चोटिल को दी गई सहायता राशि
अभ्यास के दौरान एक होमगार्ड जवान चोटिल हो गया था। जिस पर कमांडेंट जनरल केवल खुराना ने उसे पाच हजार रुपये की सहायता राशि दी।