चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग के महानिदेशक डीएस रावत ने सभी अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वह 22 फरवरी (बुधवार) को अपने बच्चों को स्कूल अवश्य भेजें।
बुधवार को चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के मौके पर राज्य के एक से उन्नीस वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवा एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी।
रावत ने बताया कि यह अभियान सरकारी स्कूलों के साथ-साथ निजी स्कूलों में भी चलाई जाएगी। इसके अलावा मदरसों, आंगनबाड़ी केंद्रों और शिशु सदन में भी बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवा खिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस अभियान में आशा कार्यकत्रियों का सहयोग लिया जाएगा।
कुछ ऐसे बच्चे भी हैं जो स्कूल नहीं जाते हैं और आंगनबाड़ी केंद्र में भी पंजीकृत नहीं हैं। ऐसे बच्चों को ढूंढने में आशा कार्यकत्रियों की मदद ली जाएगी। कृमि मुक्ति दिवस को सफल बनाने के लिए 51,359 कर्मचारियों को इस अभियान में शामिल किया गया है।