इस वीकेंड पर भी मसूरी के जाम से जूझने के पूरे आसार हैं। छुट्टी का माह कहे जाने वाले जून का आखिरी शनिवार, रविवार होने की वजह से वीकेंड पर बड़ी तादाद सैलानियों के उमड़ने की उम्मीद है।
इसके अलावा कई बोर्डिंग स्कूल भी छुट्टी के बाद खुलने वाले हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में अभिभावक भी पहुंच सकते हैं। पुलिस और प्रशासन ने जाम से निपटने की तैयारी तो कर ली है, लेकिन देखना होगा कि व्यवस्था कितनी कारगर रहेगी।
सैलानियों के पहुंचने का दावा
पहाड़ों की रानी में अबकी 15 से 30 फीसदी तक अधिक सैलानी पहुंचे हैं। पर्यटन विभाग जून माह के तीन सप्ताह में रिकार्ड सैलानियों के पहुंचने का दावा कर रहा है। होटल व्यवसायी राम कुमार के मुताबिक पिछले साल नगर में 16-17 जून की आपदा के बाद पर्यटकों की शक्ल तक देखने के लिए व्यवसायी लालायित थे।
पर्यटन व्यवसाय बुरी तरह पिट गया था। लेकिन इस बार सैलानियों की आमद चेहरों पर मुस्कराहट खिलाने वाली है। होटल और पेइंग गेस्ट हाउस एक महीने से लगातार 80 प्रतिशत से लेकर 100 फीसदी तक आक्यूपाइड चल रहे हैं।
डाट काली से लगेगी ट्रैफिक पुलिस
मसूरी में जाम से निजात दिलाने के लिए राजधानी के प्रवेश द्वार डाट काली से ही ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की व्यवस्था की गई है।
एसपी ट्रैफिक प्रदीप राय के मुताबिक क्लेमेंटटाउन, सहारनपुर चौक, राजपुर रोड पर यातायात संचालन के लिए खास व्यवस्था रहेगी। मसूरी में दो टीएसआई, दो हेड कांस्टेबल, 10 ट्रैफिक कांस्टेबल, एक क्रेन भेजी जा रही है।
मसूरी में बढ़ाया अतिरिक्त पुलिस बल
मसूरी में वाहनों की रेलमपेल के मद्देनजर पुलिस ने जून की छुट्टी के अंतिम शनिवार और रविवार को अतिरिक्त इंतजाम किए जाने का दावा किया है।
एसएसपी अजय रौतेला ने सीओ मसूरी जया बलूनी के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की। शनिवार से फिर यात्रियों की भीड बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में दून से मसूरी में चार दारोगा और 15 सिपाही अतिरिक्त भेजे गए हैं। जितने भी एसओ, चौकी इंचार्ज हैं, वह लगातार रोड पर मूवमेंट करेंगे ताकि कहीं भी ट्रैफिक प्रभावित न होने पाए।
कुठालगेट से पहले ही रोकेंगे वाहनों को
सड़क पर लगने वाले वाहनों को सख्ती से हटाने के लिए कहा है, जिनसे जाम को बढ़ावा मिलता है। कुठाल गेट पर पुलिस सतर्क रहेगी, ताकि मसूरी से इशारा मिलते ही वाहनों को नीचे ही रोका जा सके।
यातायात का सबसे ज्यादा दबाव
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के समय मसूरी में यातायात का सबसे ज्यादा दबाव रहा। उस समय मसूरी में पर्याप्त पुलिस फोर्स भी नहीं था। कई दिन तक यात्रियों को जाम से जूझना पड़ा। ऐसे में दून में ही वाहनों को रोककर व्यवस्था बनाने की कोशिश की गई।
सैलानियों के लिए एडवांस बुकिंग मुफीद
जून के अंतिम सप्ताह में मसूरी घूमने वाले पर्यटकों को हर हाल में एडवांस बुकिंग कराकर ही आना चाहिए। जून के अंतिम वीकेंड के लिए कई स्तरीय होटलों को एडवांस बुकिंग मिल चुकी है। अब छोटे और मझोले होटल वॉक-इन गेस्ट पर निर्भर है।
अबकी बार मौसम भी खूब दे रहा साथ
मसूरी में अमूमन जून का दूसरे सप्ताह समाप्त होते ही बारिश शुरू हो जाती थी। लेकिन इस बार मौसम भी देश-विदेश से आए सैलानियों का खूब साथ दे रहा है। सेटेलाइट से आने वाली रिपोर्ट को आधार माना जाए तो आने वाले 30 जून तक मसूरी में मौसम साथ देता रहेगा।