मीडिया में बने रहने के लिए कहीं भी बैठ जाते हैं हरीश रावत : जोशी
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व सीएम हरीश रावत के बयान का पलटवार करते हुए कहा कि उनके पास कोई काम नहीं है। हरीश रावत दिल्ली में भी और उत्तराखंड में भी बेरोजगार हैं। सिस्टम के तहत पटरी व्यापारियों का विस्थापन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरीश रावत आजकल बेरोजगार हैं। इतना बड़े स्तर का नेता किसी बड़े मुद्दे पर बातचीत करे। ऐसे छोटे मुद्दाें पर कांग्रेस का कोई भी छोटा नेता बैठ सकता था। उन्होंने कहा कि हरीश रावत को मीडिया में बने रहना है, इसलिए वह कहीं भी बैठ जाते हैं, संतरे खा लेते हैं और समोसे तलने लग जाते हैं। यह उनका अपना स्वभाव है। उन्हाेंने कहा कि सरकार की मंशा साफ है कि जो स्थानीय लोग हैं, बेरोजगार हैं उनको समायोजित करना हमारी जिम्मेदारी है। नगर निकाय चुनाव के घोषणा पत्र में कहा गया था कि वेंडर का स्थायी समाधान किया जाएगा। जिन लोगों के पास कमाई के अन्य मजबूत स्रोत हैं उनका चिह्नीकरण नहीं किया गया है। जो जरूरतमंद लोग वंचित रह गए है उनका विस्थापन किया जाएगा।