मसूरी में मंगलवार देर रात 50 वर्षीय व्यक्ति पहाड़ी से पैर फिसलने के कारण गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस के कोतवाल देवेंद्र असवाल के नेतृत्व में 108 एंबुलेंस और फायर सर्विस के जवान मौके पर पहुंचे और शव को स्थानीय लोगों की मदद से खाई से निकालकर मसूरी उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल देवेंद्र असवाल ने बताया कि 50 वर्षीय विजय सिंह चौहान पुत्र भवान सिंह रोज की तरह दूधली गांव के पास कोठी में काम करके दोपहर में घर लौटते थे, लेकिन मंगलवार को देर शाम तक वह घर नहीं लौटे थे, बाद परिजनों ने उन्हें ढूंढना शुरू किया। रास्ते में उन्होंने मृतक को खाई में पड़ा हुआ देखा, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
वहीं, ग्रामीणों द्वारा पुलिस को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और पंचनामा की कार्यवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।