शहर में हो रही बारिश और पेड़ के अंदर से खोखला होने के कारण घटना हुई है। मध्य रात्रि अचानक पेड़ के माल रोड में गिर पड़ा और आधा पेड़ होटल की छत पर जा अटका।
मसूरी में हो रही लगातार भारी बारिश के बीच रविवार मध्य रात्रि माल रोड स्थित गढ़वाल टैरेस के समीप एक पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ गिरने से सड़क किनारे लगी रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि इसकी चपेट में आने से होटल सूर्य किरण की छत को भी नुकसान पहुंचा है।
विज्ञापन
होटल के स्वामी अजय भार्गव ने बताया कि घटना रात ढाई बजे की है। पेड़ गिरने से उनके होटल और गाड़ी को नुकसान हुआ है, गनीमत रही कि किसी पर्यटक को नुकसान नही पहुंचा है।
बता दें कि शहर में हो रही बारिश और पेड़ के अंदर से खोखला होने के कारण घटना हुई है। मध्य रात्रि अचानक पेड़ के माल रोड में गिर पड़ा और आधा पेड़ होटल की छत पर जा अटका। पेड़ गिरने से तेज आवाज हुई, जिससे आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग की टीम ने पेड़ के हिस्से को माल रोड से हटा दिया, जिससे मार्ग पर यातायात सुचारू हो सका। हालांकि पेड़ का एक बड़ा हिस्सा अभी भी होटल की छत पर लटका हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के दौरान शहर में कई पेड़ कमजोर हो चुके हैं। ऐसे में संभावित हादसों को देखते हुए नगर क्षेत्र में कमजोर और सूखे पेड़ों का सर्वे कर उन्हें समय रहते हटाया जाना जरूरी है।