खनन पट्टे के पूर्व खननकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियाें में हुई मौत के मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या कर शव को रस्सी के सहारे कुंडी से लटकाने की बात प्रकाश में आई है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी।
बीते 23 नवंबर की दोपहर को कालसी गेट के पास अमलावा नदी के किनारे खनन पट्टे की साइट पर संदिग्ध परिस्थितियों में संदीप (30) निवासी ग्राम डिंडाल का शव पंखे की कुंडी से लटका मिला था। खनन पट्टे के स्वामी खनन कारोबारी जब वहां पहुंचे तो उन्हें साइट पर बने कमरे की खिड़की की जाली कटी दिखी। उन्होंने अंदर झांका तो संदीप पंखे की कुंडी से लटके थे। मृतक की अंगुली पर चोट के निशान मिले थे। मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर फॉरेंसिक टीम ने मौके पर आकर नमूने लिए थे। परिजनों की हत्या की आशंका को देखते हुए शव का देहरादून में डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के चाचा इंद्रपाल की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।