आप यकीन कर सकते हैं कि कोई महज 15 रुपए के लिए किसी के सिर को फोड़ दे, नहीं ना लेकिन ऐसा हुआ है। मात्र 15 रुपये के लिए एक व्यक्ति ने ड्राइवर को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
कोटद्वार में पार्किंग शुल्क के पंद्रह रुपए न देने के कारण जीप यूनियन के मुंशी ने जीप चालक पर डंडे से प्रहार कर दिया, जिससे उसके सिर पर चोट आई है।
चालक के सिर में मारा डंडा
मौके पर हंगामा हो गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को जीप चालक अनीस निवासी कौड़िया, नजीबाबाद से सवारी लेकर कोटद्वार पहुंचा ही था कि यूनियन के मुंशी ने उससे पैसे का तकादा कर दिया।
चालक ने थोड़ी देर में पैसे देने की बात कर जीप को पार्किंग में खड़ा दिया। इसी बीच मुंशी ने न जाने क्या समझा, चालक के सिर पर डंडा दे मारा। चालक लहूलुहान हो गया।
चालक ने थाने पहुंचकर उसके खिलाफ तहरीर दे दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया। जिस पर कुछ लोगों के हस्तक्षेप के बाद उनमें समझौता करा दिया।