देहरादून। नेवी भर्ती में दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर मेडिकल परीक्षा देने आए अलीगढ़ के एक युवक को सेना के जवानों ने हाथाें पकड़ लिया। बाद में मुकदमा दर्ज कराकर उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता चौबे ने बताया कि गढ़ी कैंट स्थित मिलिट्री अस्पताल में शनिवार को नेवी की परीक्षा में पास हुए अभ्यर्थियाें का मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया चल रही थी। मेडिकल परीक्षण के दौरान चिकित्सकाें के पैनल को देव स्वरूप निवासी सनोटा को लेकर शक हुआ। बातचीत के दौरान उसकी बातों में विरोधाभास नजर आया। मेडिकल परीक्षण देने आए युवक से सख्ती से पूछताछ हुई तो आरोपी टूट गया। आरोपी का नाम देवेंद्र सोलंकी निवासी गाजीपुर अलीगढ़ है, जो देव स्वरूप के स्थान पर मेडिकल परीक्षण देने आया था। सेना के जवान आरोपी को लेकर कैंट कोतवाली आए। लेफ्टिनेंट कर्नल मनीषा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्हाेंने बताया कि अभ्यर्थी देव स्वरूप के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है, ताकि उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके। यह भी पता लगाया जा रहा है कि मेडिकल परीक्षण के बदले आरोपी ने अभ्यर्थी से किसी तरह का लाभ तो नहीं लिया है। हालांकि देवेंद्र खुद को देव स्वरूप का दोस्त बता रहा है। अभ्यर्थी देव स्वरूप के पकड़े जाने के बाद सही तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।