नगरपालिका, विकासनगर को दीपावली से पहले एक और स्ट्रीट लाइट मरम्मत लिफ्ट वाहन मिल गया है। अब, पालिका के पास वाहनों की संख्या दो हो गई है। वहीं, एक और तकनीशियन की तैनाती भी की गई है। पालिका की ओर से रोजाना शाम छह से नौ बजे तक फील्ड सर्वे कर स्ट्रीट लाइट की जांच की जा रही है। मौके पर ही खराब स्ट्रीट की मरम्मत और बदलने का कार्य भी किया जा रहा है।
विकासनगर नगर पालिका क्षेत्र में 11 वार्ड हैं। वार्डों और बाजार क्षेत्र में 4500 स्ट्रीट लाइट लगाई हैं। नगर पालिका के पास रोजाना आठ से 10 स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायत आती है। लेकिन, पहले एकमात्र स्ट्रीट लाइट मरम्मत लिफ्ट वाहन होने के कारण आधी संख्या में ही लाइट की मरम्मत हो पा रही थी।
इसी को देखते हुए पालिका ने नए वाहन की खरीद की योजना तैयार की। अब, पालिका को नया स्ट्रीट लाइट वाहन मिल गया है। पालिका के अधिशासी अधिकारी बीपी भट्ट ने बताया कि दीपावली से पहले दोनों वाहनों को खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के काम पर लगा दिया गया है।
बताया कि एक और तकनीशियन भी तैनाती की गई है। उन्होंने बताया दो तकनीशियन को रोजाना शाम को छह बजे से रात नौ बजे तक फील्ड सर्वे का कर स्ट्रीट लाइट की मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद
हरबर्टपुर में वाहन खराब, सीढ़ी पर चढ़कर हो रही मरम्मत
हरबर्टपुर। नगर पालिका, हरबर्टपुर में लंबे समय से एकमात्र स्ट्रीट लाइट मरम्मत लिफ्ट वाहन खराब पड़ा है। पालिका के तकनीशियन सीढ़ी से खंभे पर चढ़कर स्ट्रीट लाइट की मरम्मत करते हैं। पालिका क्षेत्र में नौ वार्ड और 2700 स्ट्रीट लाइट हैं। ऐसे में स्ट्रीट लाइट की बड़ी संख्या को देखते हुए सीढ़ी से उनकी मरम्मत करना भी चुनौती से कम नहीं है।
वहीं, इससे स्ट्रीट लाइट की मरम्मत का कार्य भी बढ़ जाता है। पालिका के शामिल नए क्षेत्र में हरिपुर में भी अब तक स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू नहीं हुआ है। पालिका के अधिशासी अधिकारी बीएल आर्या ने बताया कि नए वाहन की खरीद के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। बताया कि स्ट्रीट लाइट खराब होने की शिकायत इतनी अधिक नहीं है। बताया कि हरिपुर क्षेत्र में करीब 250 पोल है। पोल पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए पाइप क्लैंप सेट लगाने की योजना बनाई जा रही है। संवाद