-सचिव आवास ने ली समीक्षा बैठक, 500 वाहनों की बनेगी पार्किंग
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। पौड़ी स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में बहुमंजिला पार्किंग और स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। इससे वाहन पार्किंग का बड़ा संकट दूर हो जाएगा।
सचिवालय में सचिव आवास डॉ. आर राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में परियोजना की प्रगति पर चर्चा की गई। सचिव आवास ने बताया कि इस आधुनिक पार्किंग में 500 से अधिक वाहनों (300 चौपहिया और 200 दोपहिया) के खड़े होने की व्यवस्था होगी। चार स्तरों वाले इस भवन के निर्माण से तीर्थ सीजन के दौरान लगने वाले भीषण जाम और अव्यवस्था से बड़ी राहत मिलेगी।
परिसर में दो बेड का इमरजेंसी हेल्थ सेंटर बनेगा जो बुजुर्गों और बीमार श्रद्धालुओं के लिए जीवन रक्षक साबित होगा। भूतल (स्टिल्ट) सहित कुल चार मंजिलों का निर्माण आधुनिक इंजीनियरिंग मानकों पर किया जाएगा। अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रतीक्षालय व विश्राम कक्ष की भी व्यवस्था होगी।
डॉ. आर राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि नियोजन विभाग से परीक्षण के बाद अब अंतिम प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।