अगले यात्रा सीजन में बदरीनाथ धाम फोर जी और वाई-फाई की सुविधा से जुड़ जाएगा। तीर्थयात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों को वाई-फाई की सुविधा चौबीसों घंटे मुफ्त मिलेगी। बृहस्पतिवार को बदरीनाथ धाम में मत्था टेकने पहुंचे रिलायंस समूह के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने यह बात कही।
प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी पत्नी नीता अंबानी और दोनों पुत्र हरि अनंत व आकाश के साथ हेलीकॉप्टर से बदरीनाथ पहुंचे और सबसे पहले बदरीनाथ धाम में मत्था टेका।
इसके बाद उन्होंने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारियों से यात्रा के संबंध में जानकारी ली। मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने बताया कि मंदिर समिति की ओर से जोशीमठ, गोपेश्वर (मंडल) और गुप्तकाशी में संस्कृत महाविद्यालय भी चल रहे हैं।
संस्कृत महाविद्यालयों को प्रति वर्ष देंगे एक करोड़
अंबानी ने इन महाविद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं के लिए हर वर्ष एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद की बात कही। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम में छह माह में रिलायंस की फोर जी सेवा शुरू हो जाएगी। आगामी यात्रा सीजन तक बदरीनाथ धाम को वाई-फाई सेवा से भी जोड़ दिया जाएगा।
धाम की चोटियों को निहारते हुए मुकेश अंबानी ने कहा कि वे करीब 25 साल पूर्व पिता धीरू भाई अंबानी के साथ बदरीनाथ धाम के दर्शनों को पहुंचे थे।
बदरीनाथ का बुलावा आया तो इस बार फिर धाम के दर्शनों के लिए पहुंचे हैं। करीब एक घंटे तक बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने के बाद वे केदारनाथ धाम के दर्शनों को प्रस्थान कर गए।
अंबानी के बेटे आकाश की तबियत बिगड़ी
मुकेश अंबानी परिवार के साथ वीआईपी गेट के बजाय मुख्य सिंहद्वार से होकर बदरीनाथ धाम में मत्था टेकने पहुंचे। बदरीनाथ गर्भगृह में पूजा करते वक्त उनके छोटे बेटे आकाश की तबियत बिगड़ गई। उसे कुछ देर तक आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी स्थल के समीप बैठाया गया। उनके साथ आए चिकित्सकों ने आकाश के स्वास्थ्य की जांच भी की। बताया गया कि ऑक्सीजन की कमी के चलते उसकी तबियत बिगड़ी है।
केदार धाम में की 40 मिनट विशेष पूजा
रुद्रप्रयाग। बदरीनाथ में दर्शन के बाद अंबानी परिवार सहित बाबा केदार के दर्शन करने पहुंचे। शुक्रवार को करीब दोपहर डेढ़ बजे हेलीकाप्टर से धाम पहुंचे। यहां से नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के एटीबी में बैठकर अंबानी, उनकी पत्नी नीता अंबानी और पुत्र अनंत अंबानी मंदिर में पहुंचे। उन्होंने करीब चालीस मिनट तक विशेष पूजा-अर्चना की।
इस दौरान उन्होंने निम के पदाधिकारियों से धाम में हो रहे पुनर्निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली। कहा कि धाम के लिए उनके स्तर से जो भी हो सकेगा, वे करेंगे। नीता अंबानी इससे पूर्व 22 मई को भी पुत्र हरि अनंत के साथ केदारनाथ पहुंची थी।